देश

राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री Dr. Manmohan Singh को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी। बाद में एक वीडियो संदेश में श्री मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह के निधन पर पूरा राष्‍ट्र शोक में है। उन्‍होंने कहा कि उनका जीवन भावी पीढ़ी के लिए एक मिसाल है कि लोग किस तरह संघर्ष से उबरते हुये उपलब्धियों की ऊंचाई पर पहुंच सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉक्‍टर मनमोहन सिंह एक ईमानदार, महान अर्थशास्त्री के तौर पर याद किये जाएंगे जिन्‍होंने अपना पूरा जीवन सुधार के लिए लगा दिया था। उन्‍होंने कहा कि जब श्री मनमोहन सिंह पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्‍न पी.वी. नरसिम्‍हराव मंत्रिमण्‍डल में थे उन्‍होंने देश की आर्थिक स्थिति को नई दिशा प्रदान की। यह वो समय था जब देश आर्थिक संकट से गुजर रहा था।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जे पी नड्डा, राजनाथ सिंह, ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया और कांग्रेस की पूर्व अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उन नेताओं में शामिल हैं जिन्‍होंने पूर्व प्रधानमंत्री के निवास पर जाकर उन्‍हें पुष्‍पाजंलि अर्पित की। 

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूर्व राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविन्‍द ने कहा कि डॉक्‍टर मनमोहन सिंह विनम्रता का उदाहरण और और भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था के वास्‍तुकार थे। पूर्व उपराष्‍ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा कि डॉक्‍टर सिंह ने समस्‍त नीतियों में बदलाव लाकर देश की आर्थिक विकास की तीव्र दिशा प्रदान की। 

एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री जे पी नड्डा ने कहा कि आज समस्‍त राष्‍ट्र के लिए दुख का समय है क्‍योंकि देश उस नेता के लिए शोक मना रहा है जो मानवता की मूर्ति और शिष्‍टता का प्रतीक हैं जिन्‍होंने समाज को प्रभावित किया। उन्‍होंने यह भी कहा कि उनके निधन से राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है। 

केन्‍द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि डॉक्‍टर मनमोहन सिंह के निधन से आर्थिक सुधारों के एक युग का अंत हो गया है। केन्‍द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने देश को एक नई दिशा प्रदान की थी। 

समाजवादी पार्टी अध्‍यक्ष अखिलश यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने आर्थिक स्थिति के मामले में देश को विश्‍व मंच पर एक स्‍थान प्रदान किया। 

जम्‍मू कश्‍मीर के पूर्व मुख्‍यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के अध्‍यक्ष फारूख अब्‍दुल्‍ला ने कहा है कि डॉक्‍टर मनमोहन सिंह सुलझे हुए अर्थशास्‍त्री थे जिन्‍होंने अर्थव्‍यवस्‍था को उदार बनाया। मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के पोलित ब्‍यूरो ने भी डॉक्‍टर मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर वे अपने दस वर्ष के कार्यकाल के दौरान धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्‍यों का निर्वाह करते रहे जो राष्‍ट्रहित में था।

एनसीपी- शरद पवार गुट के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि डॉक्‍टर मनमोहन सिंह अपनी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने कहा कि डॉक्‍टर मनमोहन सिंह ने भारत की अर्थव्यवस्था को उस समय संभाला जब यह खराब स्थिति में थी। 

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी डॉक्‍टर मनमोहन सिंह के साथ अपने मधुर संबंधों को याद किया। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री का पार्थिव शरीर कल राष्‍ट्रीय राजधानी में कांग्रेस मुख्‍यालय पर लाया जाएगा, जहां लोग उन्‍हें श्रद्धांजलि दे पाएंगे। उनका अंतिम संस्‍कार भी कल किए जाने की संभावना है।

 

Janta Connect

Subscribe Us To Get News Updates!

We’ll never send you spam or share your email address.
Find out more in our Privacy Policy.

और पढ़े
Back to top button
Micromax In Note 2