Delhi Election 2025: दिल्ली में बजा चुनावी बिगुल: 5 फरवरी को वोटिंग, 8 को नतीजे
![](http://i0.wp.com/jantaconnect.com/wp-content/uploads/2025/01/20250107_224415.jpg?fit=1600%2C819&ssl=1)
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधान सभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को वोट डाले जायेगे और आठ फरवरी को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक करोड 55 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए 13 हजार 33 से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए जाएगें। राजीव कुमार ने बताया कि चुनाव की अधिसूचना दस जनवरी को जारी की जाएगी। नामांकन भरने की अंतिम तारीख 17 जनवरी है। 20 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार दिल्ली के मतदाता बड़ी संख्या में मतदान में भाग लेगें। वहीं चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
आपको बता दें मौजूदा दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने सभी विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने अब तक 29 प्रत्याशी घोषित किए हैं।
वहीं, दिल्ली के एक करोड 55 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाताओं में से 83 लाख से अधिक पुरूष मतदाता और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता हैं, दो सौ 61 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। दिल्ली के निर्वाचन कार्यालय के अनुसार पिछले दो महीनों में 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के 52 हजार से अधिक मतदाता जोडे गए हैं। विकासपुरी विधानसभा सीट में सर्वाधिक चार लाख 62 हजार से अधिक मतदाता हैं जबकि दिल्ली कैंट सीट में सबसे कम 78 हजार आठ सौ तिरानवे मतदाता हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने ईवीएम से छेड़छाड़, शाम 5 बजे के बाद मतदान प्रतिशत में वृद्धि और मतगणना प्रक्रिया को धीमा करने के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने दोहराया कि ईवीएम फुलप्रूफ उपकरण है और इसके मतदान डेटा को बदलना असंभव है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित हैं और मतगणना के लिए पूरी तरह से संरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने पेपर बैलट का पुनः उपयोग अनुचित और प्रतिगामी कदम होगा, जिसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को बाधित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत चुनावों के लिए एक उच्चत्तम मानक है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि आयोग दिल्ली विधानसभा के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुरक्षित चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। सोशल मीडिया पर श्री नड्डा ने कहा कि चुनाव देश और राज्य को विकास और सुशासन के पथ पर आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने दिल्ली के लोगों से ऐसी सरकार चुनने का आग्रह किया जो जीवन स्तर में सुधार, भ्रष्टाचार से निपटने, प्रदूषण को कम करने और रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करे।
इस बीच, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि 5 फरवरी को दिल्ली के लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे क्योंकि आप सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को कूड़े के बड़े-बड़े पहाड़ों, सीवरेज की समस्या और सड़कों की खस्ता हालत से राहत मिलेगी।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने उम्मीद जताई है कि मतदाता आप को सरकार बनाने के लिए चुनेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, मुफ्त बिजली, पानी और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा उपलब्ध कराएगी।
दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं, जिनमें से 12 सीटें आरक्षित हैं, जबकि 58 सामान्य सीटें हैं। दिल्ली विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। राजधानी में चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं और राजनीतिक सरगर्मियां भी बढ़ने लगी हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा ने 8 सीटें जीती थीं। कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी थी।