बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी है, सुबह 9 बजे तक 13% से अधिक वोटिंग हुई; सुरक्षा व मतदाता सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। आज सुबह 9 बजे तक 13% से अधिक मतदान की खबर है। सहरसा जिले में सबसे अधिक 15% से अधिक वोट डाले गए हैं। इस चरण में 18 जिलों की 121 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इन जिलों में पटना, वैशाली, नालंदा, भोजपुर, मुंगेर, सारण, सीवान, बेगूसराय, लखीसराय, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा और सहरसा शामिल हैं।
सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। हालाँकि, सुरक्षा कारणों से सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के 56 केंद्रों पर मतदान शाम 5 बजे समाप्त होगा।
स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक अत्याधुनिक कमांड और नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया है, जिसकी वेबकास्टिंग सभी 45 हजार 341 मतदान केंद्रों से की जा रही है। सभी केंद्रों पर राज्य पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनात किया गया है।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 926 महिला बूथ और 107 दिव्यांगजन बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, मतदाताओं के लिए उन्नत सुविधाओं के साथ 320 मॉडल बूथ स्थापित किए गए हैं।
Flipkart, Amazon पर एक्स्ट्रा चार्ज को लेकर सरकार सख्त: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ‘डार्क पैटर्न’ की जांच के दिए आदेश
पटना स्थित मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मतदाता फोन नंबर 0612-282 4001, फैक्स 0612-221 5611 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, या ceo_bihar@eci.gov.in और ceobihar@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं। चुनाव के दौरान मोबाइल जमा सुविधा सहित कई मतदाता-केंद्रित पहलें भी उपलब्ध रहेंगी।






